जिलाधिकारी ने 21 मई से पूर्व अधिकतम पंजीकरण कराने के दिए निर्देश, पीलीभीत को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य
पीलीभीत। गांधी सभागार में जिलाधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाना तथा जिले में अधिकतम परिवारों को इस प्रक्रिया से जोड़ना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ को स्वयं स्व-गणना करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की भूमिका जनजागरूकता फैलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है और छात्र-छात्राएं इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
उन्होंने प्राचार्यों से आह्वान किया कि विद्यार्थियों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जिले में अधिक से अधिक परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि स्व-गणना की अंतिम तिथि 21 मई निर्धारित है, जिसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। इसको ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए कि समय सीमा के भीतर अधिकतम संख्या में स्व-गणना पूर्ण कराई जाए।
जिलाधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह ने बैठक में लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और जनभागीदारी से पीलीभीत जिले को स्व-गणना अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में उपस्थित प्राचार्यों ने भी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
