एवियन (फ्रांस): फ्रांस के एवियन में आयोजित 52वें जी-7 समिट के दौरान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुलाकात हुई. इस बैठक में समुद्री सुरक्षा, वैश्विक व्यापार और पश्चिम एशिया में शांति व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.
समुद्री सुरक्षा और होर्मुज स्ट्रेट पर भारत का रुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर समुद्री मार्ग में भारतीयों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. पीएम मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा कि समुद्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा बेहद जरूरी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान के साथ होने वाली डील में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को पूरी तरह पुख्ता किया जाएगा.
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार के लिए इस मार्ग का खुला रहना आवश्यक है. इससे पहले समिट के पहले दिन मंगलवार को आउटरीच सेशन में भी पीएम मोदी ने इस समुद्री मार्ग में भारतीय नागरिकों की जान जाने का मुद्दा उठाया था और कहा था कि वैश्विक व्यापार को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना दुनिया के सभी देशों की सामूहिक जिम्मेदारी है. प्रधानमंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि ट्रंप के नेतृत्व में पश्चिम एशिया में शांति की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं.
ट्रंप ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी के नेतृत्व और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका की सराहना की. ट्रंप ने भारत के साथ मजबूत दोस्ती का भरोसा देते हुए कहा, “जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में उनका (भारत का) एक अच्छा दोस्त मौजूद रहेगा।” राष्ट्रपति ट्रंप ने वर्किंग लंच और आधिकारिक बयानों में कहा कि जब तक मोदी भारत के लीडर हैं, तब तक भारत पश्चिम एशिया सहित हर क्षेत्र में एक बड़ा और महत्वपूर्ण रोल निभाएगा. मोदी को एक शांत, कूल और जबरदस्त नेता बताते हुए ट्रंप ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मैं मोदी की तरह शांत नहीं हूं, लेकिन हमारे बीच लंबे समय से बेहद अच्छे रिश्ते रहे हैं।”
समिट में हल्के-फुल्के पल और ट्रेड डील पर चर्चा
समिट के दूसरे दिन बुधवार को जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप वर्किंग सेशन में थोड़ी देरी से पहुंचे, तो वहां मौजूद 14 देशों के प्रतिनिधियों के बीच कुछ हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले। ट्रंप ने मुस्कुराते हुए वहां मौजूद नेताओं से मजाक में कहा, “आई एम द बॉस” (मैं बॉस हूं)। इसके बाद हॉल में मौजूद सभी नेता हंसने लगे।
द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक मोर्चे पर बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि अमेरिका और भारत के बीच एक बड़े ट्रेड डील पर काम चल रहा है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक क्षेत्र में कई बड़ी चीजें हो रही हैं। उन्होंने भारत में चल रहे विकास कार्यों और बड़े निवेश की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी देश के विकास के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और काफी पैसा खर्च कर रहे हैं, जिसकी अमेरिका सराहना करता है।
