03 अप्रैल 2026 | बरखेड़ा/जहानाबाद – Smart Electricity Meter Issues
स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। जहानाबाद में बिजली बिल जमा करने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के चलते बिल अधिक आ रहे हैं और भुगतान में देरी होने पर तुरंत बिजली काट दी जाती है, जिससे गर्मी के मौसम में परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसी मुद्दे को लेकर बरखेड़ा में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पुराने डिजिटल मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर की रीडिंग तेज चल रही है, जिससे बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि रिचार्ज खत्म होते ही बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी जाती है। वहीं, सर्वर डाउन होने पर रिचार्ज कराने के बावजूद बिजली बहाल नहीं हो पाती, जिससे व्यापार और आम जनजीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
व्यापार मंडल ने मांग की है कि जब तक स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली पूरी तरह स्पष्ट न हो जाए, तब तक रिचार्ज खत्म होने पर कम से कम एक महीने की मोहलत दी जाए। साथ ही बिना उपभोक्ता की सहमति मीटर बदलने पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
