नई दिल्ली (3 जून, 2026): देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों (IIT) में दाखिले के लिए आयोजित ‘JEE अडवांस्ड 2026’ के परिणाम घोषित हो गए हैं। इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में छात्रों ने सफलता हासिल की है और कटऑफ में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली ज़ोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 (टॉपर) का गौरव प्राप्त किया है। वहीं, लड़कियों में दिल्ली ज़ोन की ही आरोही देशपांडे 280 अंकों के साथ देश भर में शीर्ष स्थान पर रहीं। JEE Advanced 2026 Result Declared


इस वर्ष टॉप-10 में दिल्ली ज़ोन के पांच छात्र शामिल हैं, जिनमें कबीर छिल्लर दूसरे और जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे।इस परीक्षा में कुल 1,79,694 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 छात्रों ने क्वॉलिफाई किया है। इनमें 10 हजार से अधिक लड़कियां शामिल हैं। सफल छात्रों के लिए मंगलवार से जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मूल रूप से बिहार के गया जिले के निवासी ऑल इंडिया टॉपर शुभम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय कड़े अनुशासन और निरंतर मेहनत को दिया। शुभम ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से रोजाना 6 से 8 घंटे पढ़ाई कर रहे थे और सोशल मीडिया व स्मार्टफोन से दूरी बनाकर कमजोर विषयों पर फोकस करना ही उनकी जीत की सबसे बड़ी रणनीति रही।
