अहमदाबाद। गुजरात पुलिस ने 12 वर्षों से फरार चल रहे एक हत्या के दोषी को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी ने नकली पहचान के सहारे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली थी और कई चर्चित फिल्मों में काम भी किया।
पुलिस के मुताबिक, हेमंत नागिनदास पुरुषोत्तमदास मोदी को वर्ष 2008 में हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। बाद में हाईकोर्ट से पैरोल मिलने पर वह फरार हो गया और लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। फरारी के दौरान उसने ‘स्पंदन मोदी’ नाम से नई पहचान बनाई और मुंबई पहुंचकर अभिनय की दुनिया में सक्रिय हो गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे फिल्मों में छोटे लेकिन पहचान बनाने वाले किरदार हासिल किए। वह अमिताभ बच्चन, आमिर खान, रणवीर सिंह और मोहनलाल जैसे बड़े सितारों के साथ फिल्मों में नजर आ चुका है। आरोपी ने ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’, ‘जयेशभाई जोरदार’, ‘मेट्रो इन दिनों’ तथा मलयालम फिल्म ‘एलर: एम्युरान’ में अभिनय किया था।
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि फरार आरोपी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद फिल्म जगत और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान आरोपी ने किन दस्तावेजों और पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया तथा उसे किस-किस स्तर पर मदद मिली।
