शपथ ग्रहण के दौरान राज्यपाल ने विजय को बीच में टोका, राहुल गांधी रहे मौजूद; 9 मंत्रियों ने भी संभाली जिम्मेदारी
चेन्नई। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से राजनेता बने सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित समारोह में उन्होंने सुबह 10:15 बजे तमिल भाषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।
शपथ ग्रहण के दौरान एक रोचक क्षण तब देखने को मिला, जब विजय निर्धारित शपथ-पाठ से आगे कुछ अतिरिक्त बातें बोलने लगे। इस पर राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन अर्लेकर ने उन्हें बीच में टोकते हुए केवल लिखित पाठ पढ़ने के लिए कहा। इसके बाद विजय ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।
मुख्यमंत्री विजय के साथ उनकी पार्टी TVK के 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं।
गौरतलब है कि मंत्रिमंडल में केवल TVK विधायकों को ही स्थान दिया गया है। सहयोगी दलों के किसी भी विधायक को मंत्री नहीं बनाया गया, जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि विजय अपनी सरकार में पार्टी नेतृत्व को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
फिल्मी दुनिया में ‘थलापति’ के नाम से लोकप्रिय विजय की राजनीति में यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
