अभिनेत्री ने स्वीकार की गलती, अनाथ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने का लिया संकल्प; गाने को लेकर सोशल मीडिया पर उठा था विवाद
नई दिल्ली। फिल्म केडी द डेविल के चर्चित गाने सरके चुनर को लेकर उठे विवाद के बीच अभिनेत्री नोरा फतेही गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुईं। सुनवाई के दौरान उन्होंने विवाद पर खेद जताते हुए अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में सामाजिक जिम्मेदारी के साथ काम करने का भरोसा दिया।
आयोग के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए नोरा फतेही ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनीं कि विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने कहा, “एक कलाकार होने के नाते मेरी जिम्मेदारी बनती है कि मैं अपने काम के प्रभाव को समझूं। यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं दिल से माफी मांगती हूं।”
सूत्रों के अनुसार, महिला आयोग के साथ हुई बैठक में नोरा ने अपना लिखित पक्ष भी रखा। साथ ही उन्होंने कुछ अनाथ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने का संकल्प लिया। इससे पहले अभिनेता संजय दत्त भी इसी मामले में आयोग के समक्ष पेश हो चुके हैं। उन्होंने 50 आदिवासी बच्चियों की पढ़ाई का जिम्मा लेने की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि सरके चुनर गाने के रिलीज़ के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। कई यूजर्स और सामाजिक संगठनों ने गाने पर अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था और कलाकारों की सामाजिक जवाबदेही पर सवाल उठाए थे। बढ़ते विवाद के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोरा फतेही को नोटिस जारी कर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा था।
अब नोरा की माफी और सामाजिक पहल के बाद यह मामला कुछ हद तक शांत होता नजर आ रहा है, हालांकि सोशल मीडिया पर बहस अभी भी जारी है।
