मौसम विभाग का पूर्वानुमान : इस बार सामान्य से पहले दस्तक देगा दक्षिण-पश्चिम मानसून– Kerala Monsoon 2026
नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जारी अपने पूर्वानुमान में बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष सामान्य तिथि से करीब छह दिन पहले, 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। सामान्य तौर पर मानसून की शुरुआत एक जून से मानी जाती है, लेकिन इस बार इसके जल्दी आने की संभावना जताई गई है।Kerala Monsoon 2026
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आगमन में चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना रहती है। ऐसे में इसके 22 से 30 मई के बीच केरल पहुंचने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी मानसून ने 24 मई को ही केरल में दस्तक दी थी।
देश में मानसून का आगमन वर्षा ऋतु की औपचारिक शुरुआत माना जाता है। इसके उत्तर भारत की ओर बढ़ने के साथ ही तापमान में गिरावट आती है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगती है।
हालांकि, मौसम विभाग ने इस वर्ष मानसूनी सीजन में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना भी जताई है। विभाग के मुताबिक जून से सितंबर तक चलने वाले चार महीने के मानसून सीजन में देशभर में लगभग 80 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है, जबकि दीर्घकालिक औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है।Kerala Monsoon 2026
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रशांत महासागर में सक्रिय अल नीनो की स्थिति इसका प्रमुख कारण हो सकती है। अल नीनो के दौरान समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है, जिससे मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ती हैं और भारत में वर्षा प्रभावित होती है। इसके कारण इस वर्ष तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले 24 घंटों में दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।Kerala Monsoon 2026
